सीहोर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आगामी 14 जनवरी को सीहोर में ऐतिहासिक और प्रेरक आयोजन होने जा रहा है। 1857 की क्रांति के वीर शहीदों की स्मृति में सैकड़ाखेड़ी मार्ग स्थित शहीद समाधि स्थल पर सीहोर क्रांति पतंग महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य पतंगों के माध्यम से शहीदों के नाम और गौरव को आसमान की ऊंचाइयों तक पहुँचाना है।
महोत्सव का आकर्षण: बरेली का मांझा और उज्जैन की पतंग
सीहोर क्रांति पतंग महोत्सव के संयोजक आशीष गुप्ता ने बताया कि इस पतंगोत्सव में विशेष रूप से उज्जैन की कलात्मक पतंगें और बरेली का मशहूर मांझा आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगा। आयोजन समिति ने तय किया है कि जो प्रतिभागी सबसे आकर्षक पतंग बनाकर लाएगा, उसे विशेष स्मृति चिह्न और प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जायेगा।
बच्चों को निशुल्क पतंग बांटी जायेगी
प्रतियोगिता में सम्मिलित होने वाले बच्चों के लिए समिति द्वारा निशुल्क पतंगों के वितरण की व्यवस्था की गई है। यह वितरण ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक सभी लोगों को अपना पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अत: सभी निर्धारित समय पर 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हों।

0 Comments