सीहोर, 18 जनवरी, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार जिले में आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जल निगम के अधिकारियों एवं तकनीकी अमले द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से जल की गुणवत्ता का परीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ही ग्रामवासियों को फील्ड टेस्टिंग किट के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है और उन्हें जल गुणवत्ता से जुड़ी आवश्यक जानकारियां देकर जागरूक किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणजन स्वयं भी समय-समय पर अपने पेयजल की गुणवत्ता की जांच कर सकें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सतर्कता बरत सकें।
इसी क्रम में मरदानपुर ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना एवं नीलकंठ-भैरूंदा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत संबंधित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न स्थानों से लिए गए पेयजल नमूनों की फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से जांच की गई। जल निगम की अधिकारी श्रीमती मनेंद्र कटियार ने बताया कि जांच के दौरान पानी के प्रमुख और आवश्यक मानकों जैसे रंग, पीएच मान, फ्री क्लोरीन सहित अन्य स्वास्थ्य से जुड़े मापदंडों की बारीकी से जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जा रहा पेयजल निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं। जांच प्रक्रिया के दौरान ग्रामवासियों को यह भी समझाया गया कि जल में रंग, गंध या स्वाद में किसी भी प्रकार का परिवर्तन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है और ऐसी स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देना आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री बालागुरू के. द्वारा जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करने, जल स्रोतों की निरंतर निगरानी रखने तथा पेयजल गुणवत्ता की समय-समय पर जांच सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
.jpeg)
0 Comments