सीहोर। पेयजल से जुड़ी शिकायतों और जल सुनवाई व्यवस्था को अधिकारी पूरी गंभीरता से लें। शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच हो और यदि कहीं पानी दूषित पाया जाए तो तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्थिति में दूषित पानी की आपूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसको लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के निर्देश पर नगर पालिका के अमले ने शहर की आधा दर्जन से अधिक शहरवासियों को पेयजल के लिए आपूर्ति करने करने वाली आधा दर्जन से अधिक टंकियों की सफाई की। जिसमें बाल विहार मैदान, अवधपुरी, ग्वालटोली, गल्ला मंडी सहित अन्य टंकियों की सफाई का क्रम पूर्ण किया गया।
इस संबंध में सहायक इंजीनियर विजय कोली ने बताया कि शहरवासियों को नियमित रूप से स्वच्छ जल की आपूर्ति होती रहे इसलिए पानी की टंकियों की सफाई की गई है। अब नियमित अंतराल में इन टंकियों का सफाई कार्य होता रहेगा।
इंदौर में गत दिनों हुई दूषित जल की सप्लाई के कारण नगर पालिका सीहोर ने नागरिकों के लिए शुद्ध जल मिले इसके लिए पेयजल सप्लाई पाइप लाइन आदि में लीकेज आदि की समस्या का तत्काल समाधान करने की बात कही है। इसको लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अगर दूषित पेयजल की समस्या की जानकारी तत्काल मेरे नंबर अथवा नगर पालिका में प्रदान की जाए। इसका त्वरित समाधान किया जाएगा।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहाकि नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। साफ पेयजल व्यवस्था को लेकर सीहोर नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाया है। गत दिनों हाउसिंग बोर्ड रेलवे ब्रिज निर्माण के दौरान सप्लाई लाइन लीकेज मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य रोकने की पहल की गई थी, इसके अलावा सड़क निर्माण सहित अन्य समस्याओं को देखते हुए हर वार्ड में नगर पालिका अमले के द्वारा टीम बनाकर निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों के द्वारा जहां पर भी दूषित पानी की शिकायत मिलेगी, तत्काल समाधान किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से त्वरित शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

0 Comments