साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपाय भी समझाए


सीहोर। सीहोर जिला मुख्यालय के ग्राम बिलकिसगंज में सोमवार 22 दिसंबर 2025 को नि:शुल्क साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बताया गया कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। इंटरनेट का उपयोग हर आयु वर्ग के लोग करते हैं, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराधों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इसी समस्या के समाधान के लिए जिला ई गवर्नेंस के तत्वाधान में सीएससी एकेडमी बिलकिसगंज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ई गवर्नेंस से सीहोर जिला प्रबंधक प्रतीक शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता को साइबर सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करना और उन्हें ऑनलाइन खतरों से बचने के उपायों के बारे में जानकारी प्रदान करना था।

ज्ञात हो कि केंद्र सरकार के आईटी मंत्रालय के अधीन संस्था सीएससी ई गवर्नेंस द्वारा पूरे देश साईबर सुरक्षा हेतु नि:शुल्क जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

इसी तारतम्य में सीएससी एकेडमी बिलकिसगंज पर नि:शुल्क ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम का संचालन करते हुए एकेडमी के संचालक प्रदीप मेवाड़ा ने बताया कि आजकल अधिकांश व्यक्तिगत जानकारी और कार्य ऑनलाइन होते हैं, जैसे बैंकिंग, सोशल मीडिया और शॉपिंग। इन सबके बीच हमें साइबर हमलावरों से अपनी सुरक्षा करना बेहद जरूरी है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों जैसे फिशिंग अटैक धोखाधड़ी से बचने के उपाय।

पासवर्ड सुरक्षा मजबूत पासवर्ड का चयन और दो-चरणीय प्रमाणीकरण।

सुरक्षित इंटरनेट उपयोग सार्वजनिक वाई फाई का सही उपयोग।

सोशल मीडिया सुरक्षा व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा।

विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया और साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर सवाल पूछे। एक छात्रा ने पूछा, अगर हमारा सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो जाता है, तो हमें क्या करना चाहिए? इस पर विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि सबसे पहले पासवर्ड बदलें और यदि जरूरी हो, तो संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को सूचित करें।

कार्यक्रम में बताया गया कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी उपायों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी जागरूकता और सतर्कता पर भी निर्भर करता है। साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाते हैं, इसलिए हमें अपनी सुरक्षा के प्रति हमेशा जागरूक रहना चाहिए।

इस कार्यक्रम का समापन एक सशक्त संदेश के साथ हुआ साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी बात नहीं है, बल्कि यह हर किसी की जिम्मेदारी है। यदि हम सभी अपने व्यक्तिगत डेटा और ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति जागरूक रहते हैं, तो हम साइबर हमलावरों से सुरक्षित रह सकते हैं।

साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में न केवल विशेषज्ञों से जानकारी दी, बल्कि समाज के हर वर्ग को यह समझने में मदद की कि सुरक्षित डिजिटल दुनिया में कैसे प्रवेश करें और उसमें सुरक्षित रहें। कार्यक्रम में जन प्रतिनिधि महेश वर्मा, सीएससी जिला प्रबंधक प्रतीक शर्मा, समाजसेवी लक्की हाडा, अनिकेश वर्मा , अर्जुन मेवाड़ा, राजेश गौर, दीपक शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments