अक्टूबर माह में बिना अनुमति अवकाश पर न जाएं अधिकारी एवं कर्मचारी - कलेक्टर


सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतें प्राथमिकता से बंद कराएं। कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि अक्टूबर माह में 13 शासकीय अवकाश दिवस हैं। उन्होंने कहा कि आमजन के कार्य प्रशासन की पहली प्राथमिकता हैं, उनके कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अक्टूबर माह में पडऩे वाले अवकाशों के कारण आमजन के कार्य बाधित न हों।

कलेक्टर करेंगे कार्यालयों का औचक निरीक्षण

  बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक सभी विभागों एवं शासकीय कार्यालयों में स्पेशल कैम्पेन 5.0 आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित प्रकरणों, फाइलों और अपीलों का त्वरित व पारदर्शी निपटारा करना, कार्यालयों में स्वच्छता बनाना, कचरा निस्तारण, ई-कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढावा देना तथा कर्मचारियों व अधिकारियों में सेवा भाव एवं जवाबदेही को सुदृढ करना है। ताकि योजनाओं और सेवाओं की सुगम व पारदर्शी प्रक्रिया से अधिक हितग्राही लाभान्वित हों और आम जनता की शासन से की गई अपेक्षाओं का त्वरित निदान होने से शासन के प्रति जनता भरोसा बढ़े। जिले में सुनिश्चित हो खाद की पर्याप्त उपलब्धता

कलेक्टर बालागुरू के ने जिले में खाद की पर्याप्त मात्रा में उपलबधता तथा किसानों को वितरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये की खाद की कालाबाजारी न हो। उन्होंने खाद के सुचारू वितरण एवं कालाबाजारी को रोकने के लिए सभी विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय समितियां गठित की गई हैं। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में उर्वरकों का सुचारू वितरण एवं निगरानी रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को गोदामों और दुकानों का नियमित निरीक्षण करने तथा जिले की सीमाओं पर विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।

भावांतर योजना के संबंध में निर्देश

बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई भावातंर योजना का अधिक से अधिक से प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि प्रत्येक सोयाबीन उत्पादक किसान को इस योजना के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सोयाबीन उत्पादक किसानों का इस योजना के तहत पंजीयन कराया जाए।

पटाखा बाजारों में किए जाएं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम

बैठक के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने दीपावली पर पटाखा बाजारों के लिए खुले स्थान का चयन कर समय से पहले दुकानें आवंटित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा की पटाखा बाजार में अग्निशमन यंत्र और दुकानों में रेत की बाल्टियाँ उपलब्ध होनी चाहिए। इसके साथ ही दुकानें विद्युत लाइनों एवं ट्रांसफार्मर से सुरक्षित दूरी पर हो। उन्होंने पटाखा बाजार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के सभी सीएमओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। उन्होंने फायर ब्रिगेड सहित सभी आवश्यक उपकरणों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये।

Post a Comment

0 Comments