सीहोर। हर साल की तरह इस साल भी शहर के बस स्टैंड के पास टाउन हाल स्थित विसर्जन घाट तैयार किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु ढोल-बाजे के साथ भगवान को विधि-विधान से विसर्जन कर रहे है। सुबह नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर अमले के साथ पहुंचे और यहां पर भव्य प्रतिभाओं को उठाने के लिए क्रेन आदि की व्यवस्था कराई।
अनंत चतुर्दशी का पर्व परंपरागत रूप से धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही अलग-अलग जल स्रोतों पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। प्रशासन ने सभी विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यहां लाइफ जैकेट पहने कर्मचारी, नाव और गोताखोर तैनात हैं। श्रद्धालु नाव से बैठकर प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। पिछले 10 दिनों से जिलेभर में गणेश उत्सव की रौनक रही। प्राचीन गणेश मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इसके अलावा सैकड़ों पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं, जहां सुबह-शाम की आरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
अनंत चतुर्दशी पर सभी पंडालों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद श्रद्धालु प्रतिमा विसर्जन के लिए सीवन नदी घाट, टाउन हॉल के पास बने स्टॉप डैम और अन्य स्थानों पर पहुंच रहे हैं। यहां भक्त पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ गणपति बप्पा को विदाई दे रहे हैं।

0 Comments