मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा सीहोर में किसान सम्मेलन आयोजित



सीहोर, 19 जुलाई, 2025   मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा 01 जुलाई से 31 जुलाई तक किसान माह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सीहोर में किसान सम्मेलन आयोजित किया गया। किसान सम्मेलन में ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार शर्मा द्वारा किसानों को विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई।

 महाप्रबंधक श्री शर्मा ने किसानों को पशुपालन योजना, मुर्गी पालन एवं मत्स्य पालन योजना, लघु सिंचाई योजना, केसीसी ऋण, कृषि सावधी ऋण योजना, कृषि उपकरण ऋण योजना, किसान घर ऋण योजना, डॉ.भीमराव अम्बेडकर कामधेनु पशुपालन योजना सहित अनेक योजनाओं के तहत प्रदान किए जाने वाले ऋण के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस माह में जिन किसान को ऋण स्वीकृत एवं वितरित किये जायेंगे उनका एक लाख रूपये का दुर्घटना बीमा बैंक द्वारा मुफ्त में किया जायेगा। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत किसानों को लगभग एक करोड़ रूपये के ऋण के चेक प्रदान किए।

 इस अवसर क्षेत्रीय प्रबंधक सुश्री रेखा तिवारी द्वारा बताया गया कि सम्पूर्ण मध्य प्रदेश में म.प्र.ग्रामीण बैंक की सभी जिलों में 1320 शाखाएं कार्यरत हैं। कार्यक्रम में सीहोर शाखा प्रबंधक श्री अशोक डाबी, श्री अनुज गुप्ता, श्रीमती प्रीति सिंह, श्री आयुषी पाण्डे, सुश्री रचना अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments