जल जीवन मिशन के एक नल कनेक्शन ने बदल दी मनीषा की दुनिया संघर्ष और सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल है खड़गांव मनीषा



सीहोर, 15 जुलाई, 2025     सीहोर जिले के भैरूंदा तहसील की ग्राम पंचायत खड़गाँव निवासी श्रीमती मनीषा यदुवंशी का जीवन कभी कठिन संघर्षों से भरा हुआ था। मात्र 45 वर्ष की आयु में उन्होंने ऐसा जीवन देखा है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। करीब 20 वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में उनके पति का निधन हो गया। वे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। इससे पहले कि मनीषा इस दुख से उबर पातीं उसी समय उनके इकलौते बेटे ने भी गंभीर बीमारी के कारण दुनिया को अलविदा कह दिया।

  अब मनीषा और उनकी बेटी ही एक-दूसरे का सहारा रह गए थे। अत्यधिक गरीबी, मानसिक आघात और जिम्मेदारियों का बोझ उनके कंधों पर था। उन्हें रोज़ सुबह मीलों दूर से पानी लाना पड़ता, घर के सारे काम निपटाकर बेटी को स्कूल भेजना और फिर मजदूरी की तलाश में निकलना पड़ता था। कभी-कभी समय पर घर का काम समय पर पूरा न होने के कारण मजदूरी भी हाथ से निकल जाती थी। फिर मनीषा के जीवन में बदलाव आया और उनके गांव के साथ ही उन्हें जल जीवन मिशन की सौगात मिली।

   जीवन की इस कठिन डगर पर चलते हुए एक दिन उम्मीद की किरण मनीषा के गांव में पहुंची। जल जीवन मिशन के तहत नीलकंठ-भैरूंदा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत उनके घर में भी नल कनेक्शन लग गया। यह सिर्फ एक नल नहीं था, बल्कि मनीषा के लिए यह राहत, सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत थी। नल कनेक्शन मिलने से अब उन्हें रोज़ दूर पानी लाने नहीं जाना पड़ता। स्वच्छ पेयजल घर पर ही समय पर उपलब्ध हो जाता है। इससे न केवल उनका समय बचता है, बल्कि वे अपनी बेटी की देखभाल और घरेलू कार्य भी अच्छे से कर पाती हैं।

  जल जीवन मिशन ने श्रीमती मनीषा को सिर्फ पानी नहीं दिया, एक नई पहचान भी दी। गांव की ग्राम पंचायत ने उन्हें जलकर संग्रहण का कार्य सौंपा। अब वे घर-घर जाकर जलकर एकत्र करती हैं, जिसके बदले उन्हें कुल संग्रह राशि का 15 प्रतिशत मेहनताना मिलता है। इस आय से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। अब वे न सिर्फ अपनी बेटी की शिक्षा को सुचारु रूप से चला पा रही हैं, बल्कि परिवार की आवश्यकताएं भी पूरे आत्मसम्मान के साथ पूरी कर रही हैं।

मनीषा यदुवंशी की कहानी बताती है कि सरकारी योजनाएं जब ज़मीन तक सही तरीके से पहुंचती हैं, तो वे किसी का जीवन बदल सकती हैं। जल जीवन मिशन न केवल गांवों को जल सुविधा दे रहा है, बल्कि महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। श्रीमती मनीषा आज सिर्फ एक लाभार्थी नहीं हैं, वे अब गांव में महिलाओं के लिए प्रेरणा की जीवंत मिसाल बन चुकी हैं।

Post a Comment

0 Comments