सीहोर, 30 अप्रैल, 2025 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के उमरबन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के हितग्राहियों के खाते में अनुग्रह राशि अंतरित की। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के किसानों के खाते में वर्ष की प्रथम किश्त अंतरित की।
प्रदेश के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के सीहोर जिले के 470 हितग्राहियों के खाते में 10 करोड़ 64 लाख रूपये की राशि अंतरित की। इसके साथ ही किसान कल्याण योजना के तहत सीहोर जिले के एक लाख 69 हजार 270 किसानों के खाते में वर्ष की प्रथम किश्त अंतरित की। मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी कक्ष से जिला श्रम पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका वंशीवाल, हितग्राही तथा अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल हुए। इसके साथ ही जिले के विभिन्न जनपदों से जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं हितग्राही भी वीसी के माध्यम से शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना, प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसमें अनुग्रह सहायता योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये एवं सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपये प्रदान किये जाते हैं। इसी प्रकार स्थायी अपंगता पर 2 लाख रूपये एवं आंशिक स्थायी अपंगता पर 01 लाख रूपये तथा अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये प्रदान किये जाते हैं। संबल योजना में जहाँ एक ओर महिला श्रमिक को प्रसूति सहायता के रूप में 16 हजार रूपये दिये जाते हैं तो वहीं दूसरी ओर श्रमिकों के बच्चों को महाविद्यालय शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा में शिक्षा हेतु सम्पूर्ण शिक्षण शुल्क राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है।
0 Comments