समय पर हों लोगों के काम और सभी पात्र व्यक्तियों को मिले योजनाओं का लाभ- कलेक्टर श्री बालागुरू के. जिले में मिलावटखोरों के विरूद्ध करें कड़ी कार्रवाई- कलेक्टर श्री बालागुरू के. कलेक्टर ने अनफिट वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के दिए निर्देश जिले में अवैध शराब के क्रय, विक्रय और परिवहन पर लगाएं रोक - कलेक्टर श्री बालागुरू के. राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित




सीहोर,11 फरवरी, 2025  कलेक्टर बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने राजस्व विभाग के विभिन्न बिन्दुओं पर अनुभागवार एवं तहसीलवार विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने अनुभाग में चल रही योजनाओं, शासकीय गतिविधियों और समय समय पर चलने वाले अभियानों का सफलतापूर्वक संचालन और मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी आमजन की समस्याओं का समुचित निराकरण समय सीमा में करें। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम पुलिस के साथ समन्वय कर बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा कानून व्यवस्था की दृष्टि से तात्कालिक घटनाओं पर तुरंत उचित कार्यवाही करें। 

कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सभी राजस्व अधिकारियों को लक्ष्य पूरा करने के लिए राजस्व वसूली के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व रिकार्ड सुधार, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती, फार्मर रजिस्ट्री, आधार से खसरा लिकिंग, ईकेवायसी की समीक्षा करते हुए समस्त राजस्व संबंधी मामलों में अविलंब कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित सभी राजस्व अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।   

मिलावटखारों के विरूद्ध करें कड़ी कार्रवाई

 कलेक्टर श्री बालागुरू ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिलावटखोरी को रोकने के लिए समय समय पर खाद्यपदार्थों के नमूने लिये जाएं और उनके परीक्षण कर मिलावट करने वोलों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को बिना मिलावट के खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके इसके लिए नियमित कर्रवाई की जाए। इसी प्रकार अमानक खाद एवं कीटनाशकों के क्रय विक्रय और परिवहन को रोकने के लिए जिले में दुकानों से लगातार नमूने लिए जाएं और अमानक कंपनियों और विक्रेताओं के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने इसकी लगातार रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए।   

अनफिट वाहनों के संचालन पर लागाएं रोक

 बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने अनुभागों में अनफिट यात्री बसों सहित सभी अनफिट वाहनों के संचालन पर रोक लगाने एवं इसके लिए नियमित जांच और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय समय पर विशेष अभियान भी चलाएं, इससे संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा सभी वाहनों का बीमा, परमिट, फिटनेस तथा उनका संचालन नियमानुसार हो। कलेक्टर ने ट्रैक्टर ट्राली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रिफ्लेक्टर लगवाने के भी निर्देश दिए। 

अवैध शराब के क्रय विक्रय पर करें कार्यवाही

  उन्होंने जिले में अवैध मदिरा के क्रय, विक्रय और परिवहन को रोकने के लिए जिले में लगातार छापामार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबकारी और पुलिस द्वारा समय समय पर संयुक्त रूप से कार्यवाही की जाए, ताकि अवैध मदिरा के क्रय विक्रय और परिवहन को रोका जा सके।

रात 10 बजे के बाद न बजे डीजे

उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि ध्वनि प्रदूषण/डीजे बजाने के संबंध मे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के लिए समय समय पर न्यायालय एवं राज्य शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

Post a Comment

0 Comments