सीहोर। धार्मिक नगरी सिद्धपुर में जनकल्याण के उद्देश्य से सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। जयंती कॉलोनी आयोजक समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस पावन कथा का शुभारंभ 29 नवंबर रविवार से होगा, जो आगामी 5 दिसंबर तक निरंतर जारी रहेगी। कथा का वाचन प्रसिद्ध संत श्री श्री 108 महंत उद्धवदास जी महाराज द्वारा अपने श्रीमुख से किया जाएगा।
आयोजक समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसारए महोत्सव के पहले दिन 29 नवंबर को सुबह 10.30 बजे शहर के गीता मानस भवन से एक भव्य एवं आकर्षक कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापना और व्यास पीठ का पूजन किया जाएगा।
दोपहर 1.30 बजे से प्रतिदिन होगी कथा
सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन न्यू बस स्टैंड के समीप स्थित जयंती कॉलोनी पार्क में किया गया है। यहां प्रतिदिन दोपहर 1.30 बजे से शाम तक कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा के दौरान महंत उद्धवदास महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न आध्यात्मिक प्रसंगों, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। साथ ही कथा के मध्य सुंदर झांकियों और संगीतमय भजनों की प्रस्तुति भी होगी।
धर्मलाभ लेने की अपील
जयंती कॉलोनी आयोजक समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है। समिति ने सभी से अपील की है कि वे कलश यात्रा और प्रतिदिन होने वाली कथा में सपरिवार पधारकर महाराज श्री के श्रीमुख से भागवत कथा का श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।

0 Comments