सीहोर। शहर के बीएसआई मैदान पर एकलव्य क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित सेकेंड एकलव्य टी-20 कॉरपोरेट ट्रॉफी लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में विंटेज वाइपर ने कोच राहुल क्रिकेट एरिना को 7 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की और प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं दूसरे मुकाबले में कोच राहुल क्रिकेट एरिना ने गहलोत वारियर्स को 8 विकेट से हराया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजनकर्ता एवं कोच अतुल कुशवाहा सहित अन्य खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
43 रन पर सिमटी कोच राहुल क्रिकेट एरिना की टीम
पहले मुकाबले में टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी कोच राहुल क्रिकेट एरिना की पूरी टीम 13.1 ओवर में मात्र 43 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से नरेश बघेल ने सर्वाधिक 18 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। विंटेज वाइपर की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रदुनिया विश्वकर्मा ने 3 विकेट हासिल किए। मयंक पटेल, राधे मेवाड़ा और भाग्य स्वामी ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी, जबकि प्रणव अग्रवाल को एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंटेज वाइपर की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 7.3 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से विपिन पाराशर और आर्य सूद ने 15-15 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। कोच राहुल क्रिकेट एरिना की ओर से जीशान अली ने 2 और सलमान ने एक विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ विंटेज वाइपर ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
कोच राहुल क्रिकेट एरिना ने गहलोत वारियर्स को 8 विकेट से हराया
प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में कोच राहुल क्रिकेट एरिना ने शानदार वापसी करते हुए गहलोत वारियर्स को 8 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गहलोत वारियर्स की टीम 17.1 ओवर में 99 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में कोच राहुल क्रिकेट एरिना की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम किया।
आज खेले जाएंगे दो मुकाबले
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को भी बीएसआई मैदान पर दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला सुबह 9:30 बजे कोच राहुल क्रिकेट एरिना और सुपर हिटर के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला दोपहर में डीजीपी इलेवन भोपाल और आरएसआई सीहोर के मध्य खेला जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।

0 Comments