ड्रग्स माफिया और अवैध शराब के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करें, संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा कानून व्यवस्था की समीक्षा कर अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और व्यापक अभियान चलाने के दिए निर्देश


सीहोर, 05 नवम्बर 2026     भोपाल संभाग में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस आयुक्त भोपाल श्री संजय कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीहोर जिले से कलेक्टर श्री बालागुरू के., अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना तथा संयुक्त कलेक्टर श्री रविन्द्र परमार सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

   बैठक में संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्रग्स माफिया, नशे के अवैध कारोबार और अवैध शराब के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए सुनियोजित रणनीति तैयार कर व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों और संगठित गिरोहों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। खाद्य पदार्थों में मिलावट और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। निर्देशित किया गया कि बाजारों, दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का सतत निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करें। मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय करने वालों तथा आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और अनियमितताओं में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

     संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अपराधों की रोकथाम, संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सभी जिलों में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच और विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

     बैठक में शैक्षणिक संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। संभाग आयुक्त ने कहा कि स्कूलों एवं कॉलेजों के साथ-साथ छात्रावासों में भी नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके लिए छात्रावासों में अभिभावक की भूमिका निभाने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों को नामांकित कर विद्यार्थियों की गतिविधियों पर ध्यान देने और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

Post a Comment

0 Comments