सीहोर। शहर के बीएसआई क्रिकेट मैदान पर एकलव्य क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित सैकेंड एकलव्य टी-20 लीग क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के पांचवें दिन क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। फैथ क्रिकेट क्लब और लेपर्ड भोपाल के बीच खेला गया मैच निर्धारित 20 ओवर में बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ। सुपर ओवर में फैथ क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में यह दूसरा मुकाबला रहा, जिसका निर्णय सुपर ओवर से हुआ। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में निखिल जूनियर ने बीसीए भोपाल को 43 रन से पराजित किया।
गुरुवार को पहले बल्लेबाजी करने उतरी लेपर्ड भोपाल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए। टीम की ओर से अखिल यादव ने 47 रन, अंकुश सिंह ने 34 और गौरंग ने 33 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। फैथ क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए त्रिपुरेश और अखिल ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि संदीप, पृथ्वीराज सिंह, ऋषि और वेदांश व्यास को 1-1 विकेट मिला। 155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फैथ क्रिकेट क्लब की टीम ने भी निर्धारित 20 ओवर में 155 रन बनाकर मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया। फैथ की ओर से अनिकेत ने 71 रन की शानदार पारी खेली। अरमान अकिल ने 32 रन, अक्षत और रुद्रांश ने 14-14 रन तथा वेदांश व्यास ने 10 रन बनाए। लेपर्ड भोपाल की ओर से प्रभांशु और राहुल बाथम ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मयंक अवस्थरी और मनीष पाटीदार ने 1-1 विकेट हासिल किया।
सुपर ओवर में पांच गेंद पर बने 17 रन
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि सुपर ओवर में फैथ क्रिकेट क्लब ने पांच गेंदों पर दो विकेट खोकर 17 रन बनाए। इसके जवाब में लेपर्ड भोपाल की टीम पांच रन ही बना सकी। इस तरह फैथ क्रिकेट क्लब ने रोमांचक जीत अपने नाम की। प्रतियोगिता में यह दूसरा अवसर है, जब किसी मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ। लीग में शामिल स्टार खिलाड़ियों के प्रदर्शन से दर्शकों को लगातार रोमांचक क्रिकेट देखने को मिल रहा है।
निखिल जूनियर ने 43 रन से दर्ज की जीत
दिन का दूसरा मुकाबला निखिल जूनियर और बीसीए भोपाल के बीच खेला गया। इसमें निखिल जूनियर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीसीए भोपाल को 43 रन से पराजित किया। मुकाबले के बाद एकलव्य क्रिकेट अकादमी के कोच अतुल कुशवाहा सहित अन्य अतिथियों ने फैथ क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया।

0 Comments