न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का हुआ समापन प्रधान जिला न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की बाइक रैली



सीहोर, 19 नवम्बर 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में 14 से 19 नवंबर तक आयोजित न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का समापन हुआ। समापन अवसर पर जिला न्यायालय परिसर से बाइक रैली निकाली गई, जिसे प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधिक जागरूकता प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को उनके कानूनी अधिकारों एवं विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।


इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह ने कहा कि न्यायोत्सव का उद्देश्य ‘न्याय तक पहुंच सबके लिए’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। सप्ताह के दौरान समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर वंचित एवं कमजोर वर्गों को विधिक सेवाओं और योजनाओं से जोड़ने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। उन्होंने नागरिकों से विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।


      कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला न्यायालय परिसर में आयोजित विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग तथा अनुसूचित जनजाति विभाग द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी देने वाले बैनर एवं फ्लेक्स लगाए गए। आगंतुकों को पंपलेट वितरित कर विभिन्न योजनाओं और कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया। वहीं राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान सीहोर के विद्यार्थियों ने ‘जानें अपने अधिकार’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर महत्वपूर्ण संदेश दिया। इसके पश्चात जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में ग्राम पंचायत जमोनिया तालाब में विधिक जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया।


      बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर टाउन हॉल, बस स्टैंड, गंगा आश्रम, अस्पताल चौराहा, लीसा टॉकीज, मेन मार्केट, कोतवाली चौराहा एवं इंग्लिशपुरा होते हुए भोपाल नाके से वापस जिला न्यायालय परिसर पहुंची। रैली के साथ प्रचार रथ भी शामिल रहा। प्रतिभागियों ने तख्तियों, पंपलेट वितरण एवं जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी।


      उल्लेखनीय है कि न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन प्रदेशभर में विधिक जागरूकता बढ़ाने, विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के लिए न्याय तक पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में समस्त न्यायाधीशगण, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ, पुलिस अधिकारी, न्यायालय एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, पैरालीगल वॉलंटियर्स, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, एनजीओ प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे


 


 



Post a Comment

0 Comments