सीहोर, 19 नवम्बर 2026 मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा परिषद संवाद घटक के अंतर्गत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात जिला समन्वयक श्रीमती पारूल उपाध्याय द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए जिले में परिषद के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
श्री नागर ने नवांकुर संस्थाओं की गतिविधियों एवं विकासखंड स्तर पर परिषद द्वारा संचालित कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नवांकुर संस्थाएं अपने क्षेत्र में जन सूचना केंद्र, वाचनालय, संस्कार केंद्र, नर्सरी एवं वाटिका स्थापित करने की दिशा में कार्य करें। समाज और गांवों के समग्र विकास के लिए स्वच्छता, सामूहिकता एवं स्वावलंबन को आधार बनाना आवश्यक है। प्रत्येक गांव में स्थानीय नेतृत्व और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए ऐसे आदर्श व्यक्तित्व तैयार किए जाएं, जो लोगों को एकजुट कर विकास कार्यों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकें। उन्होंने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के गठन और उनके माध्यम से ग्रामीणों को विकास गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएं और विरासत समाज की पहचान हैं। जिस प्रकार संकट के समय पूर्वजों की धरोहर हमारा सहारा बनती है, उसी प्रकार हमें भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना और उसका सम्मान करना चाहिए। इस अवसर पर भोपाल संभाग के समन्वयक श्री वरुण आचार्य ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की भूमिका, उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए संस्थाओं को अपने कार्यों का नियमित दस्तावेजीकरण करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से गतिविधियों एवं उपलब्धियों को साझा करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में विकासखंड समन्वयकों सहित जिले की चयनित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
.jpeg)
0 Comments