सीहोर, 05 नवम्बर 2026 राष्ट्रीय युवा उत्सव 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 14 नवम्बर को प्रातः 10 बजे से आवासीय खेलकूद संस्थान में किया जाएगा। युवा उत्सव में लोकनृत्य, समूह लोकगीत, पेंटिंग, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस वर्ष युवा उत्सव को नवीन स्वरूप में 'यंग लीडर्स' एवं 'सांस्कृतिक ट्रैक' दो भागों में जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर चार चरणों में आयोजित किया जा रहा है।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए युवा प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष तथा सहयोगी प्रतिभागियों की आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य होना चाहिये। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। पिछले वर्ष सांस्कृतिक ट्रैक में भाग लेने वाले प्रतिभागी इस वर्ष इसमें भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
इच्छुक युवा एवं छात्र-छात्राओं के लिए माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन के बाद माय भारत पोर्टल की पंजीयन रसीद, विभाग द्वारा प्रदाय पंजीयन फार्म, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा कक्षा 10वीं की अंकसूची की मूल प्रति एवं छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ आवेदन जमा करना होगा। पूर्ण आवेदन 12 नवम्बर तक कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, चर्च ग्राउंड में जमा किए जा सकते हैं। युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की गई है।
0 Comments