सीहोर, 04 नवम्बर 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन में आयोजित बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सद्भाव और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सीहोर जिले के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर श्री बालागुरू के., जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना एवं एएसपी डॉ प्रशांत चौबे शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने नशा विरोधी अभियान एवं नारकोटिक्स नियंत्रण की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि स्कूल कॉलेजों तथा हॉस्टल की मॉनिटरिंग के लिये अधिकारियों को अधिकृत किया जाये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता रखी जाए। खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनियमितताओं पर प्रभावी निगरानी रखते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए कहा कि धनतेरस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा चिन्हित गांवों के सभी पात्र हितग्राहियों के दस्तावेजों के पंजीयन का कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीयन कार्य में तेजी लाते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा का आयोजन भी समारोहपूर्वक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस अवसर पर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता से गरिमापूर्ण आयोजन किए जाएं तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के पश्चात कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सभी अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप जिले में आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, नशा विरोधी अभियान एवं नारकोटिक्स नियंत्रण तथा खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
.jpg)
0 Comments