सीहोर। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तृतीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन आष्टा और सीहोर बॉयज के बीच मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान दोनों ही टीमों के खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
मध्यांतर के दौरान जिला फुटबॉल एसोसिएशन के वरिष्ठ खिलाड़ी कमलेश अग्रवाल एवं अरुण राठौड़ ने मैदान में पहुंचकर खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ खिलाडिय़ों ने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर लगातार तीसरे वर्ष इस फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। निश्चित रूप से प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर जिले के सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों का चयन कर एक मजबूत जिला स्तरीय टीम तैयार की जाएगी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाडिय़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आज के मैच में निर्णायक की भूमिका मनोज अहिरवार एवं विजेंद्र परमार ने निभाई।
प्रतियोगिता के अगले दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सीहोर बॉयज एवं आरएसआई के मध्य होगा, जबकि दूसरा मुकाबला सीहोर क्लब एवं इछावर की टीमों के बीच खेला जाएगा।

0 Comments