विद्यार्थियों के सपनों को रफ्तार दे रही है निशुल्क स्कूटी वितरण योजना सीहोर जिले की मेधावी छात्रा गरिमा रजक को मिली सरकार की तरफ से निशुल्क स्कूटी


सीहोर, 10 नवम्बर 2026     राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी प्रतिभाशाली छात्र-छात्रा संसाधनों की कमी के कारण शिक्षा के क्षेत्र में पीछे न रहे और अपने सपनों को साकार कर सकें। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित की जा रही निशुल्क स्कूटी वितरण योजना भी इन्हीं योजनाओं में से एक है। इस योजना के तहत शासकीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक छात्र और एक छात्रा को सरकार की ओर से निःशुल्क स्कूटी प्रदान की जाती है। यह केवल एक पुरस्कार ही नहीं बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।


      इसी योजना के अंतर्गत सीहोर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उल्‍झावन की छात्रा गरिमा रजक को भी निःशुल्क स्कूटी प्रदान की गई है। गरिमा ने अपने विद्यालय में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया और यह गौरव हासिल किया। छात्रा गरिमा कहती हैं कि मध्यप्रदेश सरकार की निशुल्क स्कूटी वितरण योजना हमारे जैसे विद्यार्थियों के लिए बहुत प्रेरणादायी है। इस योजना से हमें यह एहसास होता है कि हमारी मेहनत को सरकार भी सम्मान देती है। इस स्कूटी की मदद से मुझे अब उच्च शिक्षा प्राप्त करने में और आसानी होगी। गरिमा ने कहा कि मेरे लिए यह स्कूटी केवल एक साधन नहीं बल्कि मेरे सपनों की उड़ान है। मैं अपने शिक्षकों और परिवार का आभार मानती हूँ, जिन्होंने मुझे हमेशा सही मार्गदर्शन दिया। मैं सरकार का विशेष धन्यवाद करती हूँ, जिसने हम विद्यार्थियों के लिए इतनी अच्छी योजना बनाई है। इससे निश्चित ही हम सबको आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलती है।


      यह योजना न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करती है, बल्कि उनकी पढ़ाई को और सुगम भी बनाती है। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है। इससे विद्यार्थियों को न केवल विद्यालय और कॉलेज तक आने-जाने में सहूलियत मिलती है, बल्कि वे आत्मनिर्भर भी बनते हैं। छात्रा गरिमा रजक की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जब विद्यार्थियों की मेहनत को सरकार का सहयोग और प्रोत्साहन मिलता है तो वे नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। आज गरिमा जैसी अनेक मेधावी छात्राएं पूरे प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि मध्यप्रदेश सरकार की निशुल्क स्कूटी वितरण योजना ने विद्यार्थियों की सफलता और सपनों को नई दिशा देने का कार्य किया है। गरिमा ने स्कूटी मिलने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का धन्‍यवाद दिया है।  

Post a Comment

0 Comments