सीहोर। वार्ड क्रमांक 31 के जमशेद नगर में पुल निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर से मुलाकात कर ज्ञापन एवं आवेदन प्रस्तुत किया। नागरिकों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए पुल निर्माण के साथ सड़क, नाली, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक विकास कार्य शीघ्र कराने की मांग रखी।
वार्डवासियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जमशेद नगर में करीब 5 मीटर चौड़े नए पुल का नए सिरे से निर्माण कराने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्ड में सड़क, नाली, स्वच्छता सहित अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष के सकारात्मक रुख पर वार्डवासियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुल निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि वार्ड क्रमांक 31 में विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता मिलती रहेगी।
इस दौरान आवेदन एवं ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से मज्जू पठान, नदीम भाई, अरशद भाई, समीर भाई, नायब सर, सलमान भाई एवं सईद भाई सहित वार्ड के अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 Comments