समय पर वेतन सहित आठ मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने उठाई आवाज 9 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी कामबंद हड़ताल के समर्थन में सीहोर के सफाई कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

सीहोर। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांगे्रस ट्रेड यूनियन 7262 के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष छुट्टन चावरिया के नेतृत्व में नगर पालिका अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर को ज्ञापन सौंपा जिसमें नगर पालिका सीहोर के सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के त्वरित निराकरण की मांग की है। सफाई कर्मचारी यूनियन ने संयुक्त मोर्चा के समर्थन में 9 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित प्रदेशव्यापी कामबंद हड़ताल के मद्देनजर स्थानीय स्तर पर भी आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय पर वेतन भुगतान सहित उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे भी हड़ताल पर बैठने के लिए विवश होंगे। इससे आगामी नवरात्र पर्व के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

सफाई कर्मचारियों ने मांग की है कि सभी कर्मचारियों को प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे अपनी आर्थिक जिम्मेदारियों और ऋण की किस्तों का समय पर भुगतान कर सकें। इसके साथ ही सभी विनियमित कर्मचारियों को नियमित करने तथा वर्ष 2007 से 2016 तक के कर्मचारियों को विनियमितीकरण का लाभ देने की मांग उठाई गई है।

कर्मचारियों ने आउटसोर्स (ठेका पद्धति) के स्थान पर 30 दिवस के आधार पर कर्मचारियों को रखने और उनका भुगतान नगर पालिका प्रशासन द्वारा किए जाने की मांग की है। उन्होंने ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था में परिवार में किसी सदस्य की मृत्यु होने जैसी आपात परिस्थितियों में अवकाश की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी कही है।

इसके अलावा, जिन विनियमित कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है, उनके परिवार के एक सदस्य को नियुक्ति देने, ठेका पद्धति से कराए जा रहे सफाई कार्य को पूर्णत: बंद कर मस्टर पद्धति से कार्य कराने तथा शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित क्षेत्र को देखते हुए 200 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की मांग की गई है।

कर्मचारियों ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र निराकरण करने की अपील की है। उनका कहना है कि समय पर समस्याओं का समाधान होने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी और शहर की सफाई व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।

छुट्टन चावरिया, अन्ना नरवारे, देव कुमार बोयत, मुकेश चावरिया, बंकट खरे, राजु बेद, प्रकाश तेजी, सुनील तेजी, सन्नी संगेेलिया, मुख्तार भाई आदि उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments