सीहोर, 1 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवक रेडक्रॉस सोसायटी, शासकीय कन्या महाविद्यालय सीहोर एवं जिला चिकित्सालय सीहोर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कालिका डोलस के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में जिला चिकित्सालय के चिकित्सकीय दल ने लगभग 95 छात्राओं एवं स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां भी प्रदान की गईं।
शिविर में छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण, महिला स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। काउंसलर श्री ममतेश राठौर एवं चिकित्सकीय दल ने उमंग-स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम तथा मनकक्ष के संबंध में जानकारी देते हुए तनाव प्रबंधन, भावनात्मक स्वास्थ्य, जीवन-कौशल, प्रजनन स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा एवं नशे से बचाव जैसे विषयों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनाना था। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण, युवक रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य तथा जिला चिकित्सालय का चिकित्सकीय दल उपस्थित रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रेडक्रॉस इकाई प्रभारी सुश्री अमिता बैरागी, ग्रंथपाल श्रीमती प्रीति कुशवाह सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
.jpeg)
0 Comments