सीहोर जिले में 30 अक्टूबर को मनाया जाएगा 'पीएम किसान उत्सव दिवस', प्रधानमंत्री करेंगे 24वीं किस्त का वितरण

सीहोर, 29 अक्टूबर 2026     प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आगामी 30 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का वितरण किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अवसर को सीहोर जिले सहित पूरे देश में "पीएम किसान उत्सव दिवस" के रूप में मनाया जाएगा।


गुजरात के बनासकांठा से होगा मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ

     योजना की 24वीं किस्त वितरण का मुख्य कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री द्वारा बनासकांठा, गुजरात से आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देश भर में किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इस उत्सव से जुड़ सकें।


सीहोर जिले में व्यापक तैयारियां और दिशा-निर्देश

      संयुक्त कलेक्टर, द्वारा जारी निर्देशानुसार जिले में इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। तहसील और ब्लॉक स्तर पर माननीय विधायक, सांसद एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विधिवत आमंत्रित किया जाएगा। तहसील, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रोजेक्टर या बड़ी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा, साथ ही ज़िलों की ग्राम पंचायतों में भी प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई है।

      जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सीहोर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। अंतर्गत पटवारियों को नियत ग्राम हेतु विलेज नोडल ऑफिसर के रूप में नामित किया गया है, जो इस वर्चुअल कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से सम्मिलित होंगे।

    संबंधित कृषकों को भी कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे और हितग्राहियों को किस्त प्राप्त करने हेतु ई-केवाईसी (पीएम किसान मोबाइल ऐप, सीएससी केंद्र), आधार एवं बैंक खाता लिंकिंग संबंधी जानकारी प्रदान करेंगे। कार्यक्रम से जुड़ने के लिए आधिकारिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग लिंक https://pmindiawebcast.nic.in का उपयोग किया जा सकता है। स्थानीय प्रशासन ने सभी किसानों और संबंधित अधिकारियों से इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments