400 केवी आष्टा सबस्टेशन में चोरी नाकाम, तीन आरोपी पकड़े आउटसोर्स सुरक्षा कर्मी ललित मालवीय की सूझबूझ से कंपनी को नुकसान से बचाया, लंबा विद्युत व्यवधान की आशंका भी टली-

सीहोर, 21 अक्टूबर 2026       मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 400 केवी सबस्टेशन आष्टा में चोरी के प्रयास को ड्यूटी पर तैनात आउटसोर्स सुरक्षा कर्मियों ने विफल कर दिया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए चोरी करने आए पांच लोगों में से तीन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस कार्रवाई से कंपनी को संभावित आर्थिक नुकसान के साथ-साथ बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव को भी टालने में मदद मिली।


     यदि आरोपी चोरी करने में सफल हो जाते, तो सबस्टेशन में आपात स्थिति से निपटने के लिए रखे गए आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं हो पाते। ऐसी स्थिति में किसी विद्युत आपातकाल के दौरान समय पर व्यवस्था बहाल करने में कठिनाई आ सकती थी और लंबे समय तक विद्युत व्यवधान की आशंका उत्पन्न हो सकती थी।


     आरोपियों को पकड़ने में आउटसोर्स सुरक्षा कर्मी ललित मालवीय ने सूझबूझ के साथ अहम भूमिका निभाई। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसके चोरी होने की पुष्टि दूसरे थाने की पुलिस ने की है।

घटना के संबंध में पुलिस ने चोरी के प्रयास की प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है और पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है।

Post a Comment

0 Comments