सीहोर। नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में गुरुवार को मां जगदंबा के प्रति आस्था और श्रद्धा का प्रतीक भव्य चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 10:30 बजे प्रसिद्ध शक्तिपीठ करौली वाली माता मंदिर से विधि-विधान के साथ चुनरी यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा में हजारों की संख्या में मातृशक्ति, युवा और श्रद्धालु शामिल होकर मां के जयकारे लगाते हुए अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे। इस वर्ष माता रानी को 151 मीटर लंबी भव्य चुनरी अर्पित की जाएगी। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष एवं हिंद रक्षक युवा समिति के संरक्षक प्रिंस राठौर ने बताया कि प्रसिद्ध शक्तिपीठ करौली वाली माता मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से चुनरी यात्रा में शामिल होकर मां जगदंबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। चुनरी यात्रा की परंपरा पिछले 14 वर्षों से लगातार जारी है। इस दौरान हजारों महिलाएं और श्रद्धालु यात्रा में शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट करते रहे हैं। आयोजन धार्मिक श्रद्धा के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी जोड़ता है। सभी क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से गुरुवार सुबह 10:30 बजे करौली वाली माता मंदिर पहुंचकर चुनरी यात्रा में सहभागी बनने की अपील की है। मां जगदंबा को 151 मीटर लंबी चुनरी अर्पित करने, झांकियों, अखाड़ों और कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच निकलने वाली यह यात्रा नवरात्रि के उत्साह और भक्ति का संदेश देगी।
चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों के शामिल होने की संभावना है। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की आराधना और चुनरी अर्पित करने की परंपरा के बीच यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है। यात्रा में दुर्गावाहिनी की बालिकाएं भी शामिल होंगी। मां के जयकारों, भक्ति गीतों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से शहर का वातावरण भक्तिमय बनेगा। यात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां, अखाड़े और उज्जैन से आने वाले कलाकारों की प्रस्तुतियां भी शामिल रहेंगी। कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत करेंगे। अखाड़ों के प्रदर्शन और झांकियों के जरिए यात्रा को विशेष स्वरूप दिया जाएगा।
चुनरी यात्रा के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की ओर से मंच तैयार किए गए हैं। इन मंचों से यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की गई हैं, ताकि यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण मिल सके और कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हो। 151 मीटर लंबी चुनरी मां करौली वाली को अर्पित करना इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। वहीं, हेलीकॉप्टर से होने वाली पुष्पवर्षा यात्रा की भव्यता को और बढ़ाएगी।

0 Comments