सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में शारदीय नवरात्रि का पर्व आस्था, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्रि के पहले दिन रविवार को धाम में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर 108 से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर बाबा की आराधना की गई। वहीं, तीन क्विंटल से अधिक मावे की बर्फी और फलाहारी सामग्री का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
नवरात्रि के शुभारंभ पर कुबेरेश्वरधाम में भक्तिमय वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धाम में धार्मिक परंपराओं के अनुसार विशेष आयोजन किए गए और प्रसादी वितरण के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सेवा में सहभागिता की। रविवार को विदेश यूके में शिव चर्चा के कार्यक्रम से लौटे अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने शाम को कुबेरेश्वरधाम पहुंचे श्रद्धालुओं से भेंट की और उन्हें शारदीय नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व शिव और शक्ति की आराधना का पर्व है। यह समय श्रद्धा, भक्ति और उपासना के माध्यम से मां भगवती की आराधना करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक आस्था और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। नवरात्रि के पहले दिन 108 से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर की गई आराधना और तीन क्विंटल से अधिक मावे की बर्फी के भोग ने आयोजन को विशेष स्वरूप दिया। फलाहारी प्रसादी का वितरण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में सहभागिता कर नवरात्रि पर्व की शुरुआत की। कुबेरेश्वरधाम में नौ दिनों तक मां शक्ति की आराधना के साथ भक्तिभाव और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पर्व मनाया जा रहा है।

0 Comments