200 से अधिक लोगों को ‘मैं भी शाकाहारी’अभियान के तहत प्रदान किए डिजिटल सर्टिफिकेट सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने छेड़ी मुहिम, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


सीहोर। विश्व शाकाहार दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और लोगों को शाकाहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा द्वारा ‘मैं भी शाकाहारी’ मुहिम चलाई गई। इस अभियान के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से शाकाहार के लिए पंजीयन कराने वाले 200 से अधिक लोगों को डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।आगे ही ये अभियान लगातार चलता रहेगा।


प्रदीप चावड़ा ने बताया कि वे विगत कई वर्षों से शाकाहार के प्रति जागरूकता अभियान चलाते आ रहे हैं। उनका कहना है कि खान-पान का पर्यावरण पर भी प्रभाव पड़ता है। विशेष रूप से जुगाली करने वाले पशुओं से मीथेन जैसी ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन होता है, जबकि पशुपालन के लिए भूमि, पानी और अन्य प्राकृतिक संसाधनों की आवश्यकता होती है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में शाकाहार को लेकर जागरूकता बढ़ाना भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि शाकाहार केवल भोजन की आदत नहीं, बल्कि जीवों के प्रति संवेदना और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। लोगों को अपने भोजन के विकल्पों और उनके पर्यावरणीय प्रभावों के प्रति जागरूक होना चाहिए।

दुनियाभर में शाकाहार को लेकर हो रहे प्रयास

प्रदीप चावड़ा ने बताया कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक संगठन और समूह शाकाहार के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। इसी दिशा में सीवन पुत्र टीम, जो नदियों के संरक्षण और उद्धार के लिए सीवन अभियान चला रही है, अब पर्यावरण संरक्षण के व्यापक उद्देश्य के तहत शाकाहार के प्रति भी लोगों को जागरूक करने की पहल कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में पूरी सीवन पुत्र टीम सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। टीम द्वारा लोगों को शाकाहारी भोजन के संभावित पर्यावरणीय लाभों की जानकारी देने तथा जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

‘मैं भी शाकाहारी’ मुहिम के माध्यम से सीवन पुत्र टीम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण, प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति जागरूक करना है।


Post a Comment

0 Comments