सीहोर, 01 अक्टूबर 2026 मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर श्री संजीव कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को एडीआर भवन, जिला न्यायालय परिसर सीहोर में मेगा स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई। इस दौरान 80 अधिकारी-कर्मचारियों की बीपी एवं शुगर की जांच, 70 व्यक्तियों के विभिन्न रक्त परीक्षण हेतु रक्त नमूने एकत्र किए गए तथा न्यायाधीशगण सहित कुल 26 लोगों द्वारा रक्तदान किया गया। न्यायिक अधिकारियों द्वारा स्वयं रक्तदान कर उपस्थित जनों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष महोदय श्री संजीव कुमार अग्रवाल द्वारा रक्तदान कर समस्त न्यायाधीशगण, न्यायिक कर्मचारी गण एवं अधिवक्तागण को प्रेरित किया।
मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के पूर्व आपदा प्रबंधन के अंतर्गत जिला चिकित्सालय के डॉ. श्री आर.के. वर्मा के द्वारा CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। चिकित्सकीय टीम द्वारा आपातकालीन स्थिति में CPR की आवश्यकता, उसकी प्रक्रिया एवं प्राथमिक उपचार के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने शुभारंभ अवसर पर कहा कि 'स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन बेहतर कार्यक्षमता का आधार है। न्यायिक परिवार के अधिकारी-कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। वहीं रक्तदान एक पुनीत सामाजिक कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में हम अपना योगदान दे सकते हैं। CPR जैसी जीवनरक्षक तकनीक का प्रशिक्षण भी आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी साबित हो सकता है। न्यायाधीश / सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर द्वारा समस्त न्यायाधीशगण, न्यायिक कर्मचारीगण, अधिवक्तागण को मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
शिविर में ईएनटी, मेडिसिन, सर्जरी, अस्थि रोग, नेत्र, दंत, मनोरोग एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। महिला स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री सुधीर डेहरिया द्वारा आभा एवं आरोग्य सेतु-2.0 एप्लीकेशन तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में उपयोग हो रही नवीन तकनीकों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री वैभव मण्डलोई, विशेष न्यायाधीश श्री हेमंत जोशी, जिला न्यायाधीशगण, न्यायाधीश / सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती स्वप्नश्री सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्दीकी, सिविल सर्जन डॉ. उमेश श्रीवास्तव, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, पैनल अधिवक्ता, पैरालीगल वॉलेंटियर्स एवं जिला न्यायालय के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
.jpeg)
0 Comments