सीहोर, 30 अक्टूबर 2026 मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) ने 30 अक्टूबर को आष्टा संभाग के जावर में आईपीडीएस टाउन वितरण केंद्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत वितरण व्यवस्था, तकनीकी कार्यों और वाणिज्यिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
एमडी ने एटीएंडसी हानि कम करने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा बिजली चोरी और अनधिकृत विद्युत उपयोग पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपभोक्ताओं के लंबित बिलों की वसूली में तेजी लाने और सबसे अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा। भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन नियमानुसार विच्छेदित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्टोन क्रशर कनेक्शनों के बकाया बिलों की वसूली के लिए जिला खनिज अधिकारी और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही विद्युत लाइनों में बार-बार होने वाली ट्रिपिंग रोकने के लिए प्रिवेंटिव मेंटेनेंस, पेड़ों की छंटाई, जम्पर एवं इंसुलेटर की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बंद एवं खराब मीटरों को तत्काल बदलने, वास्तविक खपत के आधार पर शत-प्रतिशत सही बिलिंग करने तथा अस्थायी कनेक्शनों के लंबित बकाया की वसूली के निर्देश भी दिए गए। एमडी ने अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, राजस्व वसूली और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
.jpeg)
0 Comments