कन्या शिक्षा परिसर सीहोर में आनंद मेले के साथ मनाया गया विजयदशमी का पर्व


सीहोर। सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सीहोर में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आनंद मेले का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में गरबा नृत्य, विभिन्न खाद्य सामग्री के स्टॉल और रावण दहन मुख्य आकर्षण रहे।

आनंद मेले में छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों एवं खाद्य सामग्रियों के स्टॉल सजाए। मेले में उत्सवपूर्ण वातावरण देखने को मिला। छात्राओं ने गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। इस आयोजन ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता, टीम भावना एवं प्रबंधन कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रावण दहन रहा। रावण दहन के माध्यम से उपस्थित छात्राओं एवं विद्यालय परिवार को बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य तथा अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। साथ ही छात्राओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सदैव सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय के शाला प्रबंधक श्री सत्येंद्र शर्मा जी, प्राचार्य डॉ. विनीत गाबा जी, प्रशासक श्री अशोक त्रिपाठी जी एवं उप प्रबंधक श्री संदीप मौर्य जी सहित समस्त शिक्षक गण,विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार की उपस्थिति में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। संपूर्ण कार्यक्रम के प्रभारी विद्यालय के उप प्राचार्य श्री लोकेश बहादुर सिंह जी रहे।

Post a Comment

0 Comments