सीहोर नगर पालिका की सीमा वृद्धि का प्रस्ताव परिषद में सर्वसम्मति से पारित, 21 गांव होंगे शामिल बढ़ियाखेड़ी इंडस्ट्रियल एरिया भी सीमा विस्तार में शामिल, शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा


सीहोर। शहर के सुनियोजित विकास और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद सीहोर में आज सीमा वृद्धि को लेकर विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में नगर पालिका की सीमा के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें परिषद ने सर्वसम्मति से सीमा वृद्धि के प्रस्ताव को पारित किया। प्रस्ताव के तहत 21 गांवों एवं बढ़ियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र को नगर पालिका की सीमा में शामिल करने का निर्णय लिया गया।

सीमा वृद्धि के इस प्रस्ताव को सीहोर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे शहर के विस्तार, आधारभूत सुविधाओं के विकास, नागरिक सेवाओं के बेहतर प्रबंधन और भविष्य की विकास योजनाओं को व्यापक स्वरूप देने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका की सीमा वृद्धि का उद्देश्य सीहोर के विकास को नई दिशा देना और आने वाले समय की जरूरतों के अनुरूप शहर की विकास योजनाओं को तैयार करना है। उन्होंने कहा कि शहर का विस्तार केवल भौगोलिक सीमा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ नागरिक सुविधाओं, सड़क, जल निकासी, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है।

आगे बोलते हुए अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि परिषद द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया यह निर्णय सीहोर के भविष्य के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। नए क्षेत्रों को नगर पालिका की सीमा में शामिल करने से शहरी विकास की योजनाओं को व्यापक स्तर पर तैयार करने का अवसर मिलेगा। हमारा प्रयास है कि सीहोर का विकास व्यवस्थित रूप से हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर काम किया जाए।

इन गांवों और औद्योगिक क्षेत्र को किया गया प्रस्ताव में शामिल

नगर पालिका सीमा वृद्धि के प्रस्ताव में थुना खुर्द, जमुनिया तालाब, अब्दुल्लापुर, मुरली, गोपालपुरा, अवंतीपुरा, बिजोरा, तखीपुर, शेरपुर, खुर्शीदपुर, आलड़ाखेड़ी, सारंगखेड़ी, चंदेरी, भगवानपुर, शाहपुरा, कोरिया, शिवपुरी, बिजलोंन, मगीसपुर, रफीगंज, बढ़ियाखेड़ी तथा बढ़ियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र को शामिल किया गया है। विशेष सम्मेलन में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विजय कोहली, नगर पालिका के समस्त पार्षदगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सीमा वृद्धि का प्रस्ताव परिषद में सर्वसम्मति से पारित हुआ है। आगे की प्रशासनिक एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीमा विस्तार प्रभावी होगा।

०००००००००००००

वार्ड क्रमांक 2 में 32 लाख रुपये की लागत से हुआ सीसी रोड निर्माण, रहवासियों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर द्वारा शहर में सड़क निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 2 स्थित देव नगर कॉलोनी में 32 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य किया गया। इस सड़क का निर्माण नर्मदा प्रसाद के घर से पर्वत मेवाड़ा के घर होते हुए डॉक्टर साहब के घर तक कराया गया है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। अच्छी सड़कों से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलती है और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होता है। नगर पालिका द्वारा शहर के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। आगे उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के विकास और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। वार्डों में आवश्यकतानुसार सड़क, नाली सहित अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, कमलेश राठौर, मांगीलाल मालवीय सहित वार्ड क्रमांक 2 के रहवासी उपस्थित रहे।

०००००००००००००००

सेवा संकल्प अभियान के तहत सैनिकों का सम्मान, शाम को शहीद स्मारक पर 201 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नगर पालिका परिषद में वीर सैनिकों का शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मान, सैनिकों के त्याग और समर्पण को किया नमन

सीहोर। सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को साकार करते हुए नगर पालिका परिषद सीहोर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरे योगदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत नगर पालिका परिषद के सभागार में देश की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सैनिकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सैनिकों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात शाम को शहीद स्मारक परिसर में 201 पौधों का रोपण कर वीर शहीदों को नमन किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

सैनिकों का सम्मान राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक : प्रिंस राठौर

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि 'देश के सैनिक हमारे राष्ट्र का गौरव हैं। जब पूरा देश चैन की नींद सोता है, तब हमारे वीर जवान सीमाओं पर जागकर देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। सैनिकों का त्याग, साहस और समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका योगदान शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। सैनिकों का सम्मान करना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। हम सभी का दायित्व है कि अपने वीर सैनिकों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखें तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। '

अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने आगे कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। सैनिकों का सम्मान करना और शहीदों की स्मृति में पौधारोपण करना इसी भावना का हिस्सा है। देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान के साथ-साथ प्रकृति की रक्षा करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।

शहीद स्मारक पर 201 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

सैनिक सम्मान समारोह के बाद शाम को शहीद स्मारक परिसर में 201 पौधे लगाकर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से शहीदों की स्मृति को नमन करने के साथ ही शहर को हरित एवं स्वच्छ बनाने का संदेश दिया गया। पौधारोपण के जरिए नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पौधों की देखभाल करने के प्रति जागरूक किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि पौधे लगाना प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए, ताकि आज लगाया गया पौधा कल एक विशाल वृक्ष बनकर समाज को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण प्रदान कर सके।

जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन शास्ता, पार्षद मुकेश मेवाड़ा, अर्जुन राठौर, नरेंद्र राजपूत, लोकेंद्र वर्मा, कमलेश राठौर, मांगीलाल मालवीय, गगन नामदेव, शुभम राठौड़, नितेश राठौर, गोविंद मीणा, प्रवेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शहर के नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से नगर पालिका परिषद ने सैनिकों के सम्मान, शहीदों की स्मृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह आयोजन राष्ट्रसेवा और जनसेवा के साथ प्रकृति के संरक्षण का संदेश देने वाला रहा।


Post a Comment

0 Comments