सीहोर। हिंदी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय साहित्य परिषद जिला सीहोर के तत्वावधान में स्थानीय संविधान भवन के सभागार में विचार एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार हीरालाल जायसवाल 'अनाड़ीÓ ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात कवि गोविंद लोबानिया ने मां वीणावादिनी की वंदना सस्वर प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए परिषद के अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र जायसवाल ने मातृभाषा हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारी पहचान, संस्कृति और भावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी हिंदी प्रेमियों को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया।
परिषद के प्रचार मंत्री कवि जोरावर सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों एवं हिंदी प्रेमियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया।
विचार गोष्ठी के साथ आयोजित काव्य पाठ में उपस्थित साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त की। काव्य पाठ में कमल सिंह मालवीय, एडलीन मालवीय सहित अनेक साहित्यकार एवं हिंदी प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नरेंद्र बाजर ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं उपस्थित हिंदी प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

0 Comments