कांटे के फाइनल में मंडला ने भोपाल को 1-0 से हराया, ट्रॉफी पर किया कब्जा अंतिम समय तक रोमांच से भरा रहा मुकाबला, मंडला के विवेक ने दागा निर्णायक गोल नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर किया पुरस्कार वितरण


सीहोर। शहर के आवासीय खेलकूद मैदान पर शनिवार को कैलाश नारायण सारंग स्मृति में मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोपहर 3:30 बजे खेले गए फाइनल में मंडला और भोपाल की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन किया और अंतिम समय तक मुकाबले का रोमांच बना रहा। निर्णायक क्षणों में मंडला के खिलाड़ी विवेक ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद मंडला ने भोपाल को 1-0 से हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मैदान पर खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों के समर्थकों की मौजूदगी रही। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति के कारण लंबे समय तक कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी। मैच के अंतिम दौर में मंडला के विवेक ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल किया। यही गोल मैच का निर्णायक गोल साबित हुआ।

नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर शामिल हुए। उन्होंने विजेता मंडला टीम सहित प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मनोज कन्नोजिया के अथक प्रयासों से शहर के आवासीय खेलकूद मैदान और चर्च मैदान पर शानदार फुटबॉल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा रहा है। ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं। खेल मैदान, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खेलते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।


Post a Comment

0 Comments