सीहोर, 01 सितंबर 2026 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया द्वारा मंगलवार को जिले में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (VHND) सत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं एवं VHND सत्रों पर पहुंचकर ग्रामीण जनसमुदाय को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (ANC), बच्चों के स्वास्थ्य एवं वजन परीक्षण, पोषण सेवाओं की उपलब्धता, आवश्यक दवाओं की स्थिति तथा उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रिकॉर्ड संधारण की स्थिति का अवलोकन किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से VHND सत्रों के माध्यम से दी जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
U-WIN पोर्टल पर टीकाकरण की शत-प्रतिशत ऑनलाइन एंट्री के निर्देश
सीएमएचओ डॉ. डेहरिया ने टीकाकरण सत्र के दौरान संबंधित स्वास्थ्य अमले को U-WIN पोर्टल पर टीकाकरण की शत-प्रतिशत ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ANMOL ID के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की डिजिटल ट्रैकिंग को प्रभावी बनाने तथा हितग्राहियों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश
वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सीएमएचओ डॉ. डेहरिया ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की समय पर पहचान एवं आवश्यक जांच कराने, मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मौसमी एवं जलजनित बीमारियों के संभावित प्रकरणों की सतत निगरानी की जाए। संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रामीण जनसमुदाय को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित रूप से हाथ धोने तथा घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाए।
0 Comments