सीहोर। शिक्षक दिवस के अवसर पर वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित वसुंधरा विशेष विद्यालय, ब्रह्मपुरी कॉलोनी, बिलकिसगंज रोड, सीहोर में विशेष बच्चों के साथ शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री प्रशांत चौबे रहे। इस अवसर पर श्री हरिओम शर्मा दाऊ, श्री ऋषिराज शर्मा, श्री लोकेश राठी, संचालक एडवांस कम्प्यूटर सीहोर, श्रीमती रीतिका राठी एवं संस्था अध्यक्ष डॉ. अर्जुन सिंह सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय के दिव्यांग बच्चों ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद विशेष बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री प्रशांत चौबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर द्वारा शिक्षक एवं समाजसेवी श्री हरिओम शर्मा दाऊ, श्री ऋषिराज शर्मा, श्री लोकेश राठी एवं श्रीमती रीतिका राठी का सम्मान किया गया। साथ ही वसुंधरा विशेष विद्यालय के शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में प्राचार्य श्रीमती बबीता प्रजापत, शिक्षिका श्रीमती अपेक्षा रैकवार, कार्यकर्ता श्री तरुण श्रीवास्तव, लेखाकार एवं व्यावसायिक प्रशिक्षिका सुश्री आस्था खत्री, व्यावसायिक प्रशिक्षक श्री ओजस नेमा, फिजियोथेरेपिस्ट श्री रविंद्र जायसवाल, संगीत शिक्षिका श्रीमती मनीषा वर्मा, केयरटेकर श्रीमती रीना मालवीय, केयरटेकर सुश्री मुस्कान चौहान, श्री हिमांशु एवं सहायक श्रीमती लक्ष्मी शामिल रहे।
मुख्य अतिथि श्री प्रशांत चौबे ने वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा विशेष शिक्षा, फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं संगीत गतिविधियों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विशेष शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके जीवन में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना पैदा करते हैं। दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में विशेष शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की। संस्था अध्यक्ष डॉ. अर्जुन सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

0 Comments