सीहोर, 07 सितम्बर 2026 सीहोर जिले के भेरूंदा में विश्व बैंक के सहयोग से आकार ले रही सीवरेज परियोजना अब पूर्णता की दहलीज पर है। नगर में बिछा सीवर नेटवर्क घर-घर से निकलने वाले अपशिष्ट जल को उपचार की व्यवस्थित प्रक्रिया से जोड़ गया है। करीब 4 हजार घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ने के साथ 4.2 एमएलडी क्षमता का एसटीपी भी तैयार हो चुका है। सीवरेज व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पंपिंग नेटवर्क, मैनहोल और हाउस कनेक्शन चैंबर का कार्य भी पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में पूरी व्यवस्था का प्रायोगिक परीक्षण जारी है।
इस परियोजना का उद्देश्य केवल भेरूंदा को बेहतर सीवरेज सुविधा देना ही नहीं, बल्कि अपशिष्ट जल को उपचारित कर जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाना भी है। परियोजना के संचालन से नर्मदा नदी एवं उसके जलग्रहण क्षेत्र में गंदे पानी की पहुंच को रोकने में मदद मिलेगी, जिससे नर्मदा की निर्मलता, जल पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि यह महत्वपूर्ण कार्य नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड द्वारा कराया गया है।लगभग 53 करोड रूपये लागत की भेरूंदा सीवरेज परियोजना स्वच्छ नगर से स्वच्छ जलस्रोत और स्वच्छ जलस्रोत से निर्मल नर्मदा की दिशा में एक सार्थक पहल है।
.jpeg)
0 Comments