सीहोर, 01 सितंबर 2026 कलेक्टर श्री बालागुरु के. की अध्यक्षता में जिले में विभिन्न निर्माण विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने विभागवार स्वीकृत, प्रगतिरत एवं पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण होने से नागरिकों को इनका लाभ जल्द मिल सकेगा। बैठक में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जिला पंचायत सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मौके पर जाकर करें निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्यों की वास्तविक स्थिति देखें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराएं
कलेक्टर ने कहा कि जो निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुके हैं, उन्हें प्रारंभ कराने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कराएं। उन्होंने प्रगतिरत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का व्यवधान या रुकावट उत्पन्न न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने को कहा।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करें
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराए जाएं। संबंधित अधिकारी समय-समय पर निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और कार्य की गुणवत्ता, सामग्री तथा प्रगति की मौके पर जांच करें। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की भी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना आवश्यक है। यदि निर्माण के दौरान किसी अन्य विभाग की सड़क, पाइपलाइन, विद्युत व्यवस्था अथवा अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो उसकी शीघ्र मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसियां कार्य करते समय अन्य विभागों की सेवाएं प्रभावित न हों, इसका विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या का आपसी समन्वय से तत्काल निराकरण किया जाए।
.jpg)
0 Comments