सीहोर, 02 सितम्बर 2026 बलराम जयंती के अवसर पर राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों में बलराम कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों, आधुनिक तकनीकों तथा शासन द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में किसानों ने सहभागिता की।
संगोष्ठी में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। किसानों को फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, संतुलित उर्वरक एवं कीटनाशकों के उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण तथा कृषि में नई तकनीकों के उपयोग के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। स्टॉल पर योजनाओं की पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में किसानों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाएं।
.jpeg)
0 Comments