राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा ने खंडवा को 8-0 से हराया स्ट्राइकर रियांश ने दागे चार गोल, गगन और तुषार ने भी दो-दो गोल कर टीम को दिलाई शानदार जीत सोमवार को पहला मुकाबला जबलपुर-सिंगरौली और दूसरा मंडला-शाजापुर के बीच


सीहोर। शहर के आवासीय खेलकूद परिसर एवं चर्च मैदान पर मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में रविवार को छिंदवाड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खंडवा को एकतरफा मुकाबले में 8-0 से करारी शिकस्त दी। मैच की शुरुआत से ही छिंदवाड़ा के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। छिंदवाड़ा की ओर से स्ट्राइकर रियांश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे। वहीं गगन और तुषार ने दो-दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छिंदवाड़ा के खिलाड़ियों के लगातार आक्रमण के सामने खंडवा के खिलाड़ी रक्षात्मक दबाव में नजर आए और गोल करने का कोई अवसर नहीं बना सके। मैच के दौरान छिंदवाड़ा के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, पासिंग और आक्रामक रणनीति का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची अंडर-14 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। युवा खिलाड़ी मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के उभरते फुटबॉल खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को राज्य स्तर पर सामने लाना है। रविवार को प्रतियोगिता के दूसरे चरण में इंदौर और भोपाल के मध्य भी मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और टीमों के प्रदर्शन पर खेल विशेषज्ञों और रेफरी की नजर बनी हुई है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी सीहोर के रेफरी ने किया मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व

इधर मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के नेशनल रेफरी विजेंद्र परमार ने बेंगलुरु में आयोजित नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की रेफरशिप का प्रतिनिधित्व किया। उनके राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने पर फुटबॉल से जुड़े पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। प्रतियोगिता के दौरान मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं विभिन्न जिलों से जुड़े प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही। इनमें सिंगरौली के लवकुश तिवारी, छिंदवाड़ा के विक्रांत यादव, बड़वानी के शाहरुख कुरैशी, सीहोर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के आनंद उपाध्याय, सचिव मनोज कन्नोजिया, स्टेट रेफरी मनोज अहिरवार, मैच कमिश्नर मुस्ताक कुरैशी, भोपाल के राकेश शर्मा एवं अमित रंजन देव सहित मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष जीके श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेल अधिकारी मौजूद रहे।

आज जबलपुर-सिंगरौली के बीच होगा पहला मुकाबला

जिला फुटबॉल एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे चरण में सोमवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। दिन का पहला मुकाबला दोपहर 2 बजे जबलपुर और सिंगरौली के मध्य होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे मंडला और शाजापुर की टीमें आमने-सामने होंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है और आने वाले मुकाबलों में भी प्रदेश के विभिन्न जिलों की अंडर-14 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के मुकाबलों को देखने के लिए खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह बना हुआ है।


Post a Comment

0 Comments