सीहोर। गणेशोत्सव के अवसर पर रविवार को कोतवाली चौराहा पर आस्था, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन के विशेष बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का स्टॉल लायंस क्लब सीहोर की पहल पर लगाया गया। स्टॉल पर शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक पहुंचकर मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएं खरीदीं और विशेष बच्चों की मेहनत एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।
स्टॉल पर बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे और बच्चों द्वारा बनाई गई प्रतिमाओं को अपने घर ले जाने के लिए खरीदा। नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रतिमाओं को खरीदना केवल गणेश जी को घर लाना नहीं, बल्कि विशेष बच्चों की मेहनत, आत्मविश्वास और हुनर को सम्मान देना भी है।
लोगों ने यह भी कहा कि मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को बढ़ावा देना पर्यावरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण पहल है। इससे पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव का संदेश शहर में पहुंचता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी सहभागिता की और विशेष बच्चों द्वारा तैयार की गई गणेश प्रतिमा खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने लायंस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए विशेष बच्चों को मंच और अवसर उपलब्ध कराने को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
भाजपा नेता सुदीप प्रजापति ने भी स्टॉल पर पहुंचकर विशेष बच्चों द्वारा तैयार की गई गणेश प्रतिमा खरीदी और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान शहरवासियों ने लायंस क्लब सीहोर की इस पहल की जमकर सराहना की। क्लब का उद्देश्य केवल गणेश प्रतिमाओं की बिक्री करना नहीं, बल्कि विशेष बच्चों की प्रतिभा को समाज के सामने लाना, उन्हें प्रोत्साहन देना और पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में लोगों की सक्रिय भागीदारी ने इस उद्देश्य को सार्थक किया। विशेष बच्चों द्वारा बनाई गई प्रतिमाओं को मिले उत्साहजनक समर्थन से बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया।


0 Comments