सीहोर में गूंजी छात्रों की गूंज की हुंकार कमलेश्वर पटेल और राजीव गुजराती की मौजूदगी में छात्र संवाद, 19 सितंबर को इंदौर पहुंचने का रोडमैप तैयार


सीहोर। आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में विशाल बैठक एवं छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि कमलेश्वर पटेल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश का युवा और छात्र वर्ग अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों के अधिकार, बेहतर शिक्षा, रोजगार के अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता और युवाओं के सुरक्षित भविष्य से जुड़े मुद्दों को लगातार मजबूती से उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इंदौर में आयोजित होने वाला 'छात्रों की गूंज कार्यक्रम युवाओं और छात्रों को अपनी समस्याएं एवं आकांक्षाएं मजबूती से रखने का मंच प्रदान करेगा। उन्होंने सीहोर जिले के छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में इंदौर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

-----------------------

10 हजार छात्रों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य


जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि सीहोर जिला कांग्रेस द्वारा इंदौर के कार्यक्रम के लिए जिलेभर से करीब 10 हजार छात्रों का रजिस्ट्रेशन कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों को इंदौर ले जाने और कार्यक्रम के बाद वापस सीहोर लाने के लिए वाहनों सहित भोजन आदि की व्यवस्था की जाएगी, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

------------------------

वरिष्ठ नेताओं ने भी किया छात्रों का उत्साहवर्धन


कार्यक्रम को पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल एवं नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर ने भी संबोधित किया। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए छात्रों से एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और छात्रों की जागरूकता से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।

--------------------

छात्रों में दिखा उत्साह


छात्र संवाद कार्यक्रम के दौरान कॉलेज छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र ठाकुर एवं आभार सीहोर ब्लाक अध्यक्ष घनश्याम यादव ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर जगदीश चौहान, प्रीतम दयाल चौरसिया, राजाराम बड़े भाई, राजेन्द्र वर्मा, सुनील दुबे, सीताराम भारती, रमेश गुप्ता, ओमबाबा राठौर, राजेश भूरा यादव, गुलाब बाई ठाकुर, जाहिद गुड्डु, बलवान पटेल, के.के.रिछारिया, तुलसी राजकुमार राठौर, भगत सिंह तोमर, कमलेश चाण्डक, मनीष मेवाड़ा, नायाब खान, आसिफ अंसारी, कपिल गौर, विनय चौहान, सोनू विश्वकर्मा, मोनू शर्मा, अनुभव सेन, मनोज पटेल, महेश मुंजीखेड़ी, राकेश मेवाड़ा सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, एनएसयूआई युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments