जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने किया सेवा चित्रों का अवलोकन। सांदीपनि स्कूल के छात्र-छात्राओं ने 'विकसित भारत' थीम पर बनाईं उत्कृष्ट कलाकृतियां


सीहोर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सीहोर के शासकीय सांदीपनि (मनुबेन) स्कूल में 'सेवा चित्र कार्यक्रम' का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने 'विकसित भारत' विषय पर आधारित आकर्षक एवं प्रेरणादायी चित्रकला का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी शीलू शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर एवं क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि दिलीप राठौर द्वारा मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों ने छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए चित्रों का गहनता से अवलोकन किया और उनकी कलात्मक प्रतिभा एवं रचनात्मकता की प्रशंसा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा जी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि हम सभी को मिलकर देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने तथा अपने 'सपनों के भारत' की परिकल्पना को साकार करना है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक भारत को एक पूर्ण रूप से 'विकसित भारत' बनाने का जो संकल्प लिया है, उस संकल्प को पूरा करने में हमारे देश की युवा शक्ति और विद्यार्थियों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आगे कहा कि आज बच्चों द्वारा कैनवास पर उकेरी गई तस्वीरें केवल कलाकृतियां नहीं हैं, बल्कि यह हमारे आने वाले सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत की झलक हैं। इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएं बच्चों में राष्ट्र निर्माण की भावना, सामाजिक दायित्व और प्रतिभा का विकास करती हैं।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से विद्यालय प्राचार्य सहित हरीश राठौर, सुरेंद्र राठौर एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रहीं।


Post a Comment

0 Comments