सीहोर। शासकीय पी.जी. महाविद्यालय, सीहोर में छात्र-छात्राओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पी.जी. कॉलेज अध्यक्ष नीलू राठौर द्वारा ज्ञापन सौंपकर छात्रहित में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से NCC से जुड़े छात्र-छात्राओं द्वारा ANO डॉ. कमलेश मैडम एवं सीनियर छात्र नितिन वर्मा के व्यवहार एवं कार्यप्रणाली को लेकर की जा रही शिकायतों का उल्लेख किया गया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर छात्रहित में आवश्यक कार्रवाई की जाए। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित व्यक्तियों को उनकी जिम्मेदारी अथवा दायित्व से हटाने की कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही पी.जी. महाविद्यालय में प्रवेश सीटें बढ़ाने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में बताया गया कि महाविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, जिसके कारण अनेक विद्यार्थी प्रवेश से वंचित हो रहे हैं। ऐसे में छात्रहित को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश सीटों में वृद्धि करवाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव एवं कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि उक्त दोनों महत्वपूर्ण छात्रहित के मुद्दों को लेकर पूर्व में भी ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन अभी तक इन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रवेश सीटों में वृद्धि की दिशा में शीघ्र कदम उठाने की मांग की गई है।
एबीवीपी पी.जी. कॉलेज अध्यक्ष नीलू राठौर ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े इन मुद्दों का निराकरण छात्रहित में किया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की कि दोनों विषयों पर शीघ्र उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

0 Comments