सीहोर। सावन के पावन अवसर पर श्री माधव महाकाल आश्रम आरोग्य आश्रम के तत्वावधान में भव्य दिव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। धर्मरक्षक संत श्री श्री 108 काटारे बाबा जी के आशीर्वाद एवं कथाव्यास, परम गौभक्त क्रांतिकारी राष्ट्रीय संत पंडित मोहितराम जी पाठक के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सीहोर की पावन सीवन नदी से श्रद्धालुओं ने कांवड़ में जल भरकर बाबा केदारनाथ को अर्पित किया। संत-महात्माओं, साधु-संतों सहित हजारों शिवभक्तों, मातृशक्ति एवं महिला मंडलों की श्रद्धालुजन ने बाबा केदारनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। जल अर्पण के बाद श्रद्धालुओं ने अमृत कुंड से जल ग्रहण किया और अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुए।
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। यात्रा में सीहोर विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जसपाल सिंह अरोड़ा, प्रीतम सांखला, संध्या बजाज, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष दीपक शर्मा, राजेश मोहन, मनोज जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
युवा क्रांतिकारी संत पंडित मोहितराम जी पाठक के साथ बड़ी संख्या में युवा श्रद्धालु भी यात्रा में शामिल रहे। अयोध्या, लखनऊ, छत्तीसगढ़, नागपुर, भोपाल, इंदौर, शुजालपुर, महेश्वर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीहोर पहुंचे और बाबा केदारनाथ को पवित्र जल अर्पित किया।
हजारों कांवड़ियों ने ग्रहण किया प्रसाद
आयोजन स्थल पर भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के माध्यम से सनातन संस्कृति, सेवा, धर्म एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
श्री माधव महाकाल आश्रम की ओर से तुलसीराम परमार ने बताया कि श्रावण माह के धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी रहेगी। आगामी 17 अगस्त को रात 8 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए पवित्र सीवन नदी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने की अपील की। आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

0 Comments