हरियाली तीज पर मातृशक्ति ने मनाया उत्सव, गीत-संगीत और प्रतियोगिताओं ने बांधा समां


सीहोर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा मातृशक्ति द्वारा हरियाली तीज के पावन अवसर पर स्थानीय कृष्णा सेलिब्रेशन, चाणक्यपुरी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हरियाली तीज का पर्व हर्षोल्लास से मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रकला तोमर एवं सपना तोमर उपस्थित रहीं।


हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं ने हरे रंग के आकर्षक परिधान पहनकर तीज पर्व की खुशियां मनाईं। इस दौरान तीज गीत, भजन एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। महिलाओं के मनोरंजन के लिए पेंसिल रेस, कुर्सी दौड़, गायन प्रतियोगिता एवं डांस सहित विभिन्न गेम्स का आयोजन किया गया। इसके साथ ही झूले, मेहंदी एवं अन्य पारंपरिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।


कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आपस में जोड़ने के साथ ही समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


आयोजन में अखिल भारतीय मातृशक्ति जिला अध्यक्ष रश्मि तोमर सहित मिथिलेश चौहान, आशा चौहान, ज्योति भदोरिया, सरोज ठाकुर, बृजेश सेंगर, संगीता सेंगर, प्रतिभा तोमर, रीना तोमर, तृप्ति सिकरवार, मंजू चौहान, श्वेता परिहार, सपना तोमर, निरंजन गौर, मोनिका सोलंकी, ज्योति सेंगर, चंद्रकला जादौन, अर्चना चौहान एवं रेखा चौहान सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं सभी के लिए मंगलकामनाओं के साथ हुआ।



Post a Comment

0 Comments