सीहोर। विकासखंड आष्टा के ग्राम जाफराबाद में 139.29 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित शासकीय हाईस्कूल भवन का भव्य लोकार्पण आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर ने 21 अगस्त को फीता काटकर किया। भवन का निर्माण ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) संभाग सीहोर द्वारा पूर्ण कराया गया है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विद्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा व्यक्त की।
विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री श्री ए.के. पथी, अनुविभागीय अधिकारी श्री शुभम रहांगडाले एवं उपयंत्री श्री आशीष सक्सेना के तकनीकी मार्गदर्शन की प्रशंसा की। निर्माण कार्य ठेकेदार श्री अमित त्रिपाठी, भोपाल द्वारा पूर्ण कराया गया।
हायर सेकेंडरी में उन्नयन का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जाफराबाद के हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन करने की मांग विधायक के समक्ष रखी। विधायक श्री इंजीनियर ने मांग को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय को शीघ्र हायर सेकेंडरी में उन्नयन कराने का आश्वासन दिया।
लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जीवन सिंह मंडलोई, जिला पंचायत सीहोर उपाध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, दीक्षा गुणवान, देवजी पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष कोठरी, जनपद अध्यक्ष आष्टा, सरपंच ग्राम पंचायत जाफराबाद श्रीमती शांताबाई बाबूलाल मेवाड़ा सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं शिक्षणगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी श्री दौलतराम अहिरवार, सहायक ग्रेड-02, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सीहोर द्वारा दी गई।

0 Comments