कलेक्टर ने बैठक लेकर की कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा कलेक्टर-एसपी ने सीवन नदी घाट, कांवड़ यात्रा मार्ग एवं कुबेरेश्वर धाम का किया निरीक्षण कांवड़ यात्रा को लेकर की गई हैं व्यापक व्यवस्थाए, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध कांवड़ यात्रा मार्ग पर सेक्टर बनाकर अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां, यात्रा मार्ग पर रहेंगे 05 मेडिकल प्वाइंट कांवड़ यात्रा के दौरान लागू रहेगा मार्ग डायवर्जन प्लान


सीहोर, 22 अगस्त 2026     सीहोर में 25 अगस्त को आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, बिजली व्यवस्था, मार्ग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

  कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर लें। उन्होंने ड्यूटी पर लगाए गए प्रत्येक अधिकारी को उनके निर्धारित प्वाइंट की जानकारी देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि भीड़ को नियंत्रित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थान पर भीड़ को रुकने नहीं दिया जाए, ताकि अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। अनाउंसमेंट सिस्टम लगातार संचालित रखा जाए और श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर दी जाएं।

    कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति डीजे लेकर आता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे के व्यवस्थित निष्पादन के लिए नगर पालिका को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    सीवन नदी घाट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को नदी में उतरने की अनुमति नहीं दी जाए। घाट पर पर्याप्त सुरक्षा दल एवं बोट तैनात रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों एवं पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, वे निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। सभी अधिकारी अपने साथ आवश्यक दवाइयां, पानी, भोजन तथा अन्य जरूरी सामग्री रखें और अपना परिचय पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें, ताकि भीड़ के दौरान बार-बार आवागमन की आवश्यकता न पड़े।

    कुबेरेश्वर धाम में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न हो। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए तथा वाहनों की सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं को रूट डायवर्सन एवं यातायात व्यवस्था की जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को वॉकी-टॉकी के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।

   बैठक में क्रेन की उपलब्धता, सफाई टीम, सड़क मरम्मत, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, प्रवेश एवं निकास द्वार, कंट्रोल रूम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सफाई दल लगातार सक्रिय रहें तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर सड़क की मरम्मत समय रहते पूरी कर ली जाए। उन्होंने अनावश्यक रूप से वाहनों को इधर-उधर नहीं घुमाने तथा व्यवस्थाओं में लगे वाहनों का सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

   कलेक्टर ने कहा कि सीहोर के पोस्ट ऑफिस चौराह से कुबेरेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण की जाएं। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम सिंह गौंड, श्रीमती किरण वरवड़े, श्री गिरिराज परिहार सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।

रेलवे स्टेशन पर रहे सुरक्षा व्यवस्था

    कलेक्टर ने रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्टेशन मास्टर से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन सहित यात्रा मार्ग के किसी भी स्थान पर दुर्घटना की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। आपातकालीन व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित दल तैयार रहें।

सीवन नदी घाट, कांवड़ यात्रा मार्ग एवं कुबेरेश्वर धाम का किया निरीक्षण

    कांवड़ यात्रा की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कलेक्टर श्री बालागुरू के. और एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने सीवन नदी घाट, कांवड़ यात्रा मार्ग तथा कुबेरेश्वर धाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ियों के आवागमन के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सहित जलाभिषेक और दर्शन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को देखा और निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिले। भीड़ को देखते हुए मार्गों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं रूट डायवर्जन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ प्रशांत चौबे, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, कुबेरेश्वर धाम समिति के समीर शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

सेक्टर बनाकर अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

     सीहोर में 25 अगस्त को आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर कलेक्टर श्री बालागुरु के. के निर्देशानुसार जिला प्रशासन सीहोर द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

यात्रा मार्ग पर रहेंगे 05 मेडिकल प्वाइंट

     यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मानक बाग, डीमार्ट, चौपाल सागर, परमार ढाबा और मोगराफूल जोड़ सहित पांच मेडिकल प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। वहीं धाम परिसर में वेटिंग एरिया डोम, भगवान शंकर मंदिर, कंकर शंकर पूजा स्थल के सामने, डोम और पं. रमेश्वर मिश्रा अस्पताल में मेडिकल प्वाइंट बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की अधोसंरचना के तहत पीएचसी गुड़भेला-नापलाखेड़ी जोड़ तथा एसएचसी चितोड़िया हेमा को भी स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ा गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा आंतरिक व्यवस्था और धाम परिसर में अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

वाहनों के लिए यह रहेगा डायवर्जन प्लान

     कांवड़ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न मार्गों का डायवर्सन प्लान जारी किया गया है। यह डायवर्सन 23 अगस्त प्रात: 06 बजे से 25 अगस्त को रात 12 बजे तक लागू रहेगा। सीहोर जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए परिवर्तित मार्ग का प्रयोग करें।

भारी वाहन डायवर्सन

   भोपाल की ओर से आने वाले भारी वाहन थाना-परवलिया अंतर्गत मुबारकपुर जोड़ एवं थाना-खजूरी अंतर्गत तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट होकर श्यामपुर-कुरावर-ब्यावरा-शाजापुर-मक्सी से होकर देवास इंदौर जाएंगे। इसी प्रकार देवास इंदौर से आने वाले भारी वाहन देवास से डायवर्ट होकर मक्सी-शाजापुर-ब्यावर-कुरावर-श्यामपुर होते हुए भोपाल जाएंगे। कन्नौज खातेगांव की ओर से आने वाले भारी वाहन आष्टा - शुजालपुर- पचोर होते हुए ब्यावरा जा सकेंगे। होशंगाबाद, रेहटी भैरूंदा से इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहन थाना गोपालपुर-कन्नौद-आष्टा होते हुए इंदौर जा सकेंगे।

छोटे एवं सवारी वाहन डायवर्सन

    भोपाल से आष्टा-देवास-उज्जैन-इंदौर जाने वाले छोटे वाहन एवं सवारी वाहन सीहोर न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी जोड़ से अमलाहा होते हुए आष्टा, देवास, उज्जैन ,इंदौर जा सकेंगे| इसी प्रकार इंदौर-उज्जैन-देवास से भोपाल जाने वाले छोटे वाहन एवं सवारी वाहन आष्टा-अमलाहा-भाऊखेड़ी जोड़-न्यू क्रिसेंट चौराहा होते हुए भोपाल जा सकेंगे|




 



Post a Comment

0 Comments