सीहोर। वीर शिरोमणि दुर्गादास जी राठौड़ की 388वीं जयंती के पावन अवसर पर राठौर समाज द्वारा सीहोर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़े बाजार पहुंची। इस दौरान जगह-जगह नागरिकों एवं समाजजनों ने शोभायात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
बड़े बाजार में सीहोर सांस्कृतिक मंच, सीहोर के अध्यक्ष आशीष गुप्ता के नेतृत्व में शोभायात्रा में शामिल समाजजनों एवं श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। मंच के सदस्यों ने शोभायात्रा में सहभागिता करते हुए वीर दुर्गादास जी राठौड़ के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा उनकी वीरता, त्याग, स्वाभिमान एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन एवं नगरवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, जयघोष एवं देशभक्ति के नारों से नगर का वातावरण गौरव और उत्साह से भर गया। लोगों ने वीर दुर्गादास जी राठौड़ के जीवन एवं उनके संघर्षों को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों और राष्ट्रप्रेम को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीहोर सांस्कृतिक मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि वीर दुर्गादास जी राठौड़ का जीवन त्याग, साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने अपने अदम्य साहस और संघर्ष से मातृभूमि एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी गौरवशाली विरासत आने वाली पीढ़ियों को सदैव देश और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।

0 Comments