शीघ्र किया जाएगा प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर का जीर्णोद्धार राष्ट्र और धर्म की रक्षा करना हर सनातन धर्म के व्यक्ति का कर्तव्य-संत पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे


सीहोर। शहर के कोलीपुरा स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर के जीर्णोद्धार की तैयारी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। मंदिर को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से जनसहयोग की अपील की गई है। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संत पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे ने कहा कि शहर में अनेक प्राचीन मंदिर हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण और जीर्णोद्धार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहर के कई प्राचीन मंदिरों का जनसहयोग से जीर्णोद्धार किया जा चुका है। इसी प्रकार कोलीपुरा स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर को भी सभी के सहयोग से भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

यज्ञशाला का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान महामंडलेश्वर रामभूषण महाराज के शिष्य एवं मंदिर के संत माधव दास महाराज तथा संत पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे ने मंदिर परिसर में निर्मित यज्ञशाला का निरीक्षण किया। संत पंडित कटारे ने कहा कि कोलीपुरा स्थित यह मंदिर काफी प्राचीन है और इसके धार्मिक महत्व को देखते हुए इसके जीर्णोद्धार के लिए शीघ्र कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपने पिता के आशीर्वाद से वे लगातार प्राचीन मंदिरों के संरक्षण और उन्हें भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने के कार्य से जुड़े हुए हैं। मंदिरों का जीर्णोद्धार केवल भवन का निर्माण नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम है।

राष्ट्र और धर्म की रक्षा करना हमारा कर्तव्य

संत पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे ने कहा कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा करना प्रत्येक सनातन धर्मावलंबी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सावन मास चल रहा है और देशभर में भगवान शिव की भक्ति का वातावरण बना हुआ है। जगह-जगह श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। यह सनातन धर्म के प्रति जागरूकता और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के संरक्षण के साथ समाज में संस्कार, सेवा और धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।

संतों का किया स्वागत-सम्मान

कार्यक्रम के दौरान संस्कार मंच के संयोजक जितेन्द्र तिवारी, मनोज दीक्षित मामा, सनातन सेना के प्रदेश सचिव पवन केवट, पार्थ कार्तिक गोगिया, दुर्गेश यादव, गणेश यादव सहित अन्य श्रद्धालुओं ने संत पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला और सभी ने सहयोग की भावना व्यक्त की।


Post a Comment

0 Comments